
बोकारो : सीबीआई की टीम ने बोकारो में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। धनबाद सीबीआई की टीम ने कथारा एरिया स्थित गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में छापेमारी की। टीम ने दो क्लर्कों को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सीएमपीएफ क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज शामिल हैं। यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार की अगुवाई में हुई।
रिश्वत के लिए अटका रखी थी पेंशन की फाइल
यह मामला एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से जुड़ा है। जनता नगर निवासी रसूल जमा सात महीने पहले सर्वे विभाग से रिटायर हुए थे। वे अपने पेंशन और सीएमपीएफ के बकाए पैसों के लिए दफ्तर का चक्कर लगा रहे थे। दोनों क्लर्क काम करने के बदले लगातार पैसों की मांग कर रहे थे। परेशान होकर रसूल जमा ने सीबीआई से इसकी शिकायत कर दी।
शिकायत मिलने पर सीबीआई ने मामले की जांच की। आरोप सच पाए जाने पर सीबीआई ने आरोपियों को पकड़ने का प्लान बनाया। पीड़ित को केमिकल लगे नोट देकर क्लर्कों के पास भेजा गया।
जैसे ही रसूल जमा ने रिश्वत के पैसे क्लर्कों को थमाए, सीबीआई ने दोनों को धर दबोचा। सीबीआई की टीम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई से पूरे दफ्तर में हड़कंप मच गया।
Read Also: Ranchi High Court: त्योहारों के मौसम में बड़ी राहत, बिरसा चौक बाईपास पर बुलडोजर कार्रवाई पर ब्रेक, मिला 31 दिसंबर तक का समय

