
Jamshedpur : आगामी दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों को लेकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, प्रकाश और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर चर्चा की गई।
बैठक में नगर आयुक्त ने विशेष रूप से विसर्जन घाटों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर सीसीटीवी कैमरे और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाने को कहा।
घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर पर्याप्त रोशनी, विशेष सफाई टीम की तैनाती तथा नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा घाटों के आसपास साफ-सफाई और कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने को कहा गया।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था तैयार रखने तथा पूजा समितियों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर नियमित निरीक्षण करने पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाए रखना JNAC की प्राथमिकता है।
बैठक में विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी, सहायक नगर निवेशक, नगर प्रबंधक, राजस्व निरीक्षक, अभियंता, स्वच्छता कर्मी और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

