
Ghatshila : JPSC एवं JSSC अभ्यर्थियों पर पुलिस बल प्रयोग के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश के आह्वान पर मंगलवार को आहूत एक दिवसीय झारखंड बंद का असर घाटशिला में भी देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने घाटशिला बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर दुकानदारों और व्यवसायियों से प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान कई दुकानें एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाजार के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर व्यापारियों से संवाद किया। कार्यकर्ताओं ने JPSC एवं JSSC अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करने तथा बंद में सहयोग करने की अपील की।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी ने कहा कि राज्य के युवा अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में आंदोलनरत अभ्यर्थियों पर पुलिस बल का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सम्मान, रोजगार और न्याय की लड़ाई में भाजपा उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
पूर्व प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। सरकार को उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए। युवाओं की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनके साथ संवाद स्थापित करना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी ने कहा कि युवा किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। JPSC एवं JSSC अभ्यर्थियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार से अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह से ही सक्रिय रहे। कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बाजार क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से दुकानदारों से बंद में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी, पूर्व प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, वरिष्ठ नेता शिवरतन अग्रवाल, जिला महामंत्री हेमंत नारायण देव, जिला उपाध्यक्ष राहुल पांडे, जिला मंत्री कृष्णा शर्मा, गीता मुर्मू, मंडल अध्यक्ष विजय पांडे, सत्यनारायण पुष्टि, सुबोध सिंह, बृजेश सिंह, दीपक दंडपात, मंटू सिंह, सुभाष बनर्जी, विवेक महापात्र, सुमित सिंह राजपूत, सुरेंद्रनाथ, जगन्नाथ कालिंदी, दिनेश वाल्मीकि, सरोज दत्त, पिंटू गुप्ता, नीतिश सिंह, राहुल नाथ, देवांशु उपाध्याय, शिवा, रवीना वाल्मीकि, दुलाल, सस्ती गोराई समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

