
रांची : झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी समेत रद्द की गई अन्य परीक्षाओं का तत्काल परीक्षा कैलेंडर जारी करने, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच छात्र नेता चंद्र विकाश ने राज्य में सर्वदलीय सरकार के गठन का प्रस्ताव रखा है। चंद्र विकाश, स्वदेशी विचारक एवं अंतरिम अध्यक्ष, पृथ्वी संघ तथा आईआईटी खड़गपुर एवं आईआईएम कलकत्ता के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने झामुमो, भाजपा, कांग्रेस, वामपंथी दलों, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) और आजसू के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर छात्र एवं राज्यहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे पत्र के आधार पर कहा कि झारखंड की गंभीर समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए राजनीतिक दलों को आपसी मतभेद से ऊपर उठकर राज्यहित में एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों का समाधान राजनीतिक इच्छाशक्ति और मजबूत संस्थागत व्यवस्था के जरिए ही संभव है।
जेएलकेएम की पहल को बताया सकारात्मक
चंद्र विकाश ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से छात्र आंदोलन और झारखंड के हित में की जा रही पहलों को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि छात्र एवं राज्यहित से जुड़े प्रयासों को व्यापक समर्थन मिलना चाहिए।
पांच साल विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग
उन्होंने केंद्र सरकार से झारखंड को अगले पांच वर्षों के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की। उनका कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड के तेज और समग्र विकास के लिए विशेष आर्थिक एवं नीतिगत सहायता जरूरी है।

