
Dhanbad : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को सुबह करीब 10:40 बजे बरवाअड्डा हवाईअड्डे पहुंचे। जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने उनका स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
स्वागत के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से राज्यपाल सड़क मार्ग से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) के लिए रवाना हुए। उन्हें संस्थान के गोल्डन जुबली लेक्चर थिएटर और पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना है।

एयरपोर्ट से आईआईटी तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। बरवाअड्डा एयरपोर्ट से आईआईटी-आईएसएम तक कारकेड रूट पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई। प्रमुख चौक-चौराहों और संस्थान परिसर में पुलिस, सशस्त्र बल और लाठी बल को तैनात रखा गया। कारकेड के सुचारु आवागमन के लिए यातायात पुलिस और मोबाइल पेट्रोलिंग टीम सक्रिय रही। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एंटी-सबोटाज जांच दलों की भी तैनाती की गई थी।

चिकित्सा व्यवस्था भी रही अलर्ट
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कारकेड में जीवनरक्षक उपकरणों से लैस एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम की व्यवस्था की गई थी। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के गहन चिकित्सा केंद्र को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी दवाओं के साथ अलर्ट रखा गया। इस दौरान एडीएम विधि-व्यवस्था अरविंद कुमार ओझा, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा तथा आईआईटी-आईएसएम के निदेशक प्रोफेसर धीरज कुमार और रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

