Home » Chaibasa Theft News : चाईबासा में चोरी की बढ़ती घटनाओं से दहशत, CONGRESS प्रवक्ता त्रिशानु राय ने एसडीपीओ से की रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

Chaibasa Theft News : चाईबासा में चोरी की बढ़ती घटनाओं से दहशत, CONGRESS प्रवक्ता त्रिशानु राय ने एसडीपीओ से की रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

कांग्रेस प्रवक्ता ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए

by Rajeshwar Pandey
Jharkhand Congress News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा और इसके आसपास के इलाकों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आम जनता और व्यापारी वर्ग बुरी तरह सहमे हुए हैं। सुरक्षा को लेकर उपजे इस भय के माहौल पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहमन टूटी से मुलाकात कर शहर में पुलिस सुरक्षा मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

सीसीटीवी में कैद हुई कांग्रेस भवन के पास चोरी की घटना

मामले की जानकारी देते हुए त्रिशानु राय ने बताया कि रविवार की तड़के करीब 4:30 बजे अपराधियों ने कांग्रेस भवन के समीप स्थित ‘मुरारका इलेक्ट्रिक’ दुकान को निशाना बनाया और बाहर लगी सीएफएल लाइट चुरा ली। पूरी वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है। राय ने स्पष्ट किया कि भले ही यह घटना छोटी नजर आए, लेकिन यह शहर की बदहाल रात्रि गश्त व्यवस्था और ढुलमुल सुरक्षा का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

छोटी वारदातों की अनदेखी से बढ़ता है अपराधियों का मनोबल

त्रिशानु राय ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने ऐसी गतिविधियों पर तुरंत नकेल नहीं कसी, तो बेखौफ अपराधियों का हौसला और बुलंद होगा। छोटी-मोटी चोरियां ही आगे चलकर बड़े अपराधों की वजह बनती हैं, इसलिए पुलिस को शुरुआती स्तर पर ही कठोर रुख अपनाना चाहिए।

संवेदनशील और व्यापारिक क्षेत्रों में विशेष चौकसी की जरूरत

उन्होंने मांग रखी कि शहर के प्रमुख व्यापारिक एवं संवेदनशील स्थलों पर नियमित रात्रि गश्त और संदिग्ध लोगों की गहन चेकिंग सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से मुख्य बाजार, थाना रोड, स्टेशन रोड और कॉलेज रोड जैसे चहल-पहल वाले इलाकों में रात के समय विशेष पुलिस बल की तैनाती बेहद जरूरी है।

नागरिकों और कारोबारियों की सुरक्षा हो पहली प्राथमिकता

कांग्रेस प्रवक्ता ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। समय पर ठोस कदम उठाकर ही आम जनता के बीच कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास दोबारा बहाल किया जा सकता है।

Read Also- Ranchi Missing Child : रांची से लापता बच्चे को पुलिस ने पांच घंटे में लातेहार से खोज निकाला, जम्मू तवी ट्रेन में सवार होने की मिली थी जानकारी

Related Articles

Leave a Comment