
Jamshedpur : टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन और टाटा स्टील कलर्स एम्प्लॉयी यूनियन के बीच सोमवार को वर्ष 2026 के बोनस को लेकर समझौता संपन्न हुआ। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुए समझौते में कर्मचारियों के लिए 18 प्रतिशत बोनस पर सहमति बनी। नए फॉर्मूले के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 95,771, न्यूनतम 34,722 और औसतन 66,752 बोनस मिलेगा।
यूनियन के अनुसार, नया बोनस फॉर्मूला पिछले दो वर्षों से लंबित था। नए फॉर्मूले के आधार पर पहले 16 प्रतिशत बोनस के हिसाब से करीब ₹60 लाख की राशि बन रही थी। यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय के विशेष अनुरोध पर प्रबंधन ने बोनस को 16 से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति दी। इससे कुल बोनस राशि बढ़कर करीब 64 लाख हो गई।
समझौते के दौरान प्लांट की क्षमता बढ़ाने, सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने तथा उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार पर भी चर्चा हुई।
प्रबंधन ने कर्मचारियों से सुरक्षा और उत्पादकता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक प्रवीण वी. थम्पी, सीएचआरओ अनिशा प्रमाणिक, प्लांट हेड इंद्रनील बिस्वास, वीपी सेल्स एंड मार्केटिंग प्रखर अग्रवाल, एचआर डीजीएम राजेश त्रिपाठी और एचआर डिप्टी हेड मनीष कुमार मौजूद रहे।
यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, कार्यकारी अध्यक्ष विजय खान, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष हुसैनुल ओला कादरी, उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रवि उपाध्याय, संयुक्त सचिव आदित्य राज, सृष्टिधर महतो, संगठन सचिव प्रवीण राय, प्रियंका कुमारी, जितेंद्र कुमार, साहू व कृष्णा यादव उपस्थित थे।
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने बोनस समझौते के लिए महामंत्री संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष हुसैनुल ओला कादरी के प्रयासों की सराहना की। वहीं प्रबंध निदेशक प्रवीण वी. थम्पी ने कंपनी के विकास के लिए सभी कर्मचारियों से सुरक्षा और उत्पादकता पर विशेष ध्यान देने तथा सहयोग करने का आह्वान किया।

