खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में गुमला जिला की सीमा पर पुलिस ने 50 किलो डोडा जब्त किए हैं। रनिया थाना क्षेत्र के भालूटोली के पास रनिया थाना की पुलिस ने डोडा की बड़ी खेप एक ट्रक से जब्त की है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक में नीचे डोडा के बोरे रखे थे और उसके ऊपर भूसा लाद दिया था, ताकि किसी को शक न हो।
जानकारी के अनुसार, रविवार को सुबह करीब 4 बजे खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि भालूटोली क्षेत्र में अवैध डोडा की खेप पहुंचाई गई है। सूचना मिलते ही तोरपा के एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भालूटोली के पास झाड़ियों के समीप खड़े संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली।
जांच के दौरान ट्रक में ऊपर भूसा और उसके नीचे छिपाकर रखे गए 50 बोरा डोडा बरामद किए गए। पुलिस को देखते ही चालक, खलासी तथा डोडा के खरीददार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक सहित पूरे डोडा को जब्त कर लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ट्रक में उत्तरप्रदेश का नंबर लगा हुआ है।

