
Jamshedpur : लगातार हो रही बारिश से नरदा पंचायत के लेडोकोचा गांव में कई परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसकी जानकारी मिलने पर पोटका विधायक संजीव सरदार गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा लेते हुए परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक ने मौके से ही पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला से फोन पर बात की। उन्होंने क्षतिग्रस्त घरों की जल्द जांच कराने और आपदा प्रबंधन के निर्धारित प्रावधानों के तहत प्रभावित परिवारों को राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
संजीव सरदार ने कहा कि बारिश और प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है, उनके सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसे समय में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए प्रभावित लोगों तक जल्द राहत पहुंचानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई में किसी तरह की देरी नहीं करने को कहा।
इस दौरान विधायक ने पावरा टुडू, दासो टुडू, दुर्गा मुर्मू, राजामुनी टुडू, सिंगु टुडू, सुपाई टुडू, सांगें हेम्ब्रोम और पुलमाल सोरेन समेत अन्य प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना उनकी जिम्मेदारी है। प्रशासन के स्तर से मिलने वाली हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक के गांव पहुंचने और मौके से ही अंचल अधिकारी को फोन कर कार्रवाई के निर्देश देने से ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा। प्रभावित परिवारों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं, जिस पर विधायक ने शीघ्र राहत दिलाने का आश्वासन दिया।

