
जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिला अंतर्गत करमाटांड़-मधुपुर वाया मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर इंद्राटांड़ के पास बुधवार देर रात मवेशियों से भरा बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, बोलेरो में लदे पांच मवेशियों में से तीन बैलों के भी मरने की सूचना है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान जामताड़ा थाना क्षेत्र के चिरूडीह गांव निवासी रफीक अंसारी और अशरफ अंसारी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
बताया गया कि बोलेरो में पांच मवेशियों को लेकर ले जाया जा रहा था। इंद्राटांड़ के समीप सड़क पर आए तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो का नंबर 15 जी 1899 बताया गया है।
मवेशियों के परिवहन के तरीके पर उठे सवाल
हादसे के बाद वाहन में मवेशियों को ले जाने के तरीके को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, छोटे यात्री वाहन में मवेशियों को इस तरह ले जाना पशुओं की सुरक्षा के लिए उचित नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस से वाहन में मवेशियों के परिवहन से जुड़े कागजात और नियमों की जांच करने की मांग की है। साथ ही, किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही बोलेरो में मवेशियों को ले जाने की परिस्थितियों और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।

