
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत मोहम्मदगंज-जपला मुख्य मार्ग पर माली रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक रविवार की देर शाम दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों की पहचान भजनिया गांव निवासी अजित कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह (40), सड़ेया निवासी अभिषेक विश्वकर्मा (30) और चंदन कुमार यादव (21) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, अजित कुमार सिंह जपला से बाइक पर सवार होकर अपने गांव भजनिया लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से मोहम्मदगंज की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर अभिषेक विश्वकर्मा और चंदन कुमार यादव सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

