
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में हरमू स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में भाजपा सोमवार को अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कराएगी। बीते रविवार को प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में लगी है।
भाजपा का प्रतिनिधिमंडल अरगोड़ा थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपेगा। पार्टी की ओर से प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जायेगी। प्रतिनिधिमंडल पुलिस को घटना से संबंधित उपलब्ध जानकारी और साक्ष्य भी सौंपेगा।
घटना के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों के बारे में जानकारी मिल सके। सार्वजनिक स्थल पर स्थापित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने के मामले में पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

