
Lohardaga : झारखंड के लोहरदगा जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के खखपरता गांव में सोमवार सुबह 27 वर्षीय राजेश उरांव का शव उसके घर के पास एक पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। युवक की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
मृतक की पहचान श्याम उरांव के पुत्र राजेश उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने घर के समीप पेड़ से लटकता हुआ शव देखा। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Read also – Dhanbad News : धनबाद के होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान युवक की पीट-पीट कर हत्या

