
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के अमलाटोला स्थित श्री राणी सती जी मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करने पर मंदिर प्रबंधन समिति ने पुलिस को सम्मानित किया है। चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने और दान पेटी सहित चोरी की गई राशि बरामद करने पर समिति की ओर से सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी और एएसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।
इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों पुलिस अधिकारियों को देवी माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। मंदिर प्रबंधन ने कहा कि चोरी की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया और दान पेटी समेत नकद राशि बरामद कर ली, जो सराहनीय कार्य है।
इस अवसर पर मंदिर के ट्रस्टी प्रभात पसारी ने जिले के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु सहित पूरे प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि किसी भी मामले का जल्द उद्भेदन होने से आम जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ता है और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगता है।
सम्मान समारोह के दौरान मंदिर समिति के प्रभात पसारी, अभिषेक पसारी, सुशील पसारी, राकेश बुधिया, सुशील चोमाल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

