पलामू : झारखंड में पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरसवा गांव निवासी रामलगन यादव (45) की बीती रात जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। बताया जाता है कि वह घरेलू विवाद के कारण मानसिक तनाव में था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात रामलगन यादव काफी चिंतित और परेशान था। इसी दौरान उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल छतरपुर स्थित अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीराय मेडिकल कालेज-अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर अस्पताल स्थित पुलिस चौकी के जवान विकास कुमार व महेंद्र कुमार पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

