स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : कयास तो काफी दिनों से लगाए जा रहे थे, लेकिन अब शायद वह समय भी ज्यादा दूर नहीं है। जल्द ही चिराग पासवान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानि एनडीए का हिस्सा हो जाएंगे। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)LJP-R के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के NDA में शामिल होने के संकेत भी मिलने लगे हैं। 18 जुलाई को नई दिल्ली में एनडीए की बैठक होने वाली है।
इस बैठक में शामिल होने के लिए चिराग पासवान को भारतीय जनता पार्टी की ओर सेे औपचारिक बुलावा आ चुका है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चिराग पासवान को चिट्ठी लिखी है। जिसमें उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। आपको बता दें कि, यह बैठक नई दिल्ली के होटल अशोका में 18 जुलाई को शाम 5 बजे से होगी। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा बिहार में कोई जोखिम मोल नहीं लेना चाहती।
बीते 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा बिहार में जदयू और लोजपा के साथ उतरी थी। गठबंधन को इसका भरपूर फायदा मिला था। अब जदयू भाजपा से अलग है। लिहाजा भगवा ब्रिगेड चिराग का चिराग जलाये रखना चाहती है।
जेपी नड्डा ने चिराग को भेजे गये पत्र में क्या लिखा ?
जेपी नड्डा ने पत्र में लिखा है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण साथी रही है। अहम सहयोगी दल के रूप में आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार द्वारा देश के विकास को गति देने वाली सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण यात्रा के भी प्रमुख सहयोगी भी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पिछले 9 सालों में देश के बहुआयामी विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। NDA सरकार में गरीब कल्याण, सांस्कृतिक गौरव की पुनस्थापना , आर्थिक विकास, देश की रक्षा-सुरक्षा, विदेश में अपने देश की मजबूत साख समेत अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए। NDA की सरकार ने पिछले 9 सालों में सेवा और सुशासन की वास्तविक परिकल्पना को साकार किया है।
इसका परिणाम है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अमृतकाल का भारत विजन- 2047 के नए सपनों को लेकर देश कीे विकास यात्रा को जनभागीदारी व जनविश्वास के साथ आगे बढ़ा रहा है।मंगलवार 18 जुलाई 2023 को शाम पांच बजे नई दिल्ली स्थित होटल अशोक में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में एनडीए की बैठक होनी तय है।
इस बैठक में आप आमंत्रित हैं। NDA के महत्वपूर्ण साथी दल के रूप में आपकी भूमिका और आपका सहयोग गठबंधन को न सिर्फ मजबूत बनाता है बल्कि देश की विकास यात्रा को भी सुद्दढ़ता प्रदान करता है। एनडीए के साथी दलों की बैठक में आपकी उपस्थिति प्रार्थनीय है।
हाल ही में चिराग-नित्यानंद की हुई थी मुलाकात
तमाम कयासों के बीच चिराग पासवान ने हाल ही में केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की थी। एक सप्ताह की अवधि में चिराग की ये दूसरी मुलाकात थी। इसके पहले एक बार पटना और दूसरी बार नई दिल्ली में मीटिंग हुई थी। इन मुलाकातों के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म था। अब NDA की बैठक में चिराग के आमंत्रण ने कयासों को तेज कर दिया है।
कुछ समय पूर्व ही चिराग को दी गई जेड श्रेणी की सुरक्षा
लोजपा-आर के अध्यक्ष चिराग पासवान की भारतीय जनता पार्टी से नजदीकियों की बात कोई नई नहीं है। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें जेड श्रेणी सुरक्षा की सुविधा प्रदान की गई है। भाजपा से इतनी नजदीकियों के बाद अब ऐसा लगने लगा है कि चिराग पासवान की एनडीए में वापसी के लिए अब घोषणा ही बाकी है।
इधर, जारी है चिराग-पारस के बीच तल्खियां
दूसरी ओर लोजपा में घमासान अभी समाप्त नहीं हुआ है। पशुपति पारस और चिराग पासवान के बीच तल्खी जारी है। एक ओर जहां हाजीपुर लोकसभा सीट से चिराग ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर रखा है, वहीं पशुपति पारस ने भी कह रखा है कि हाजीपुर के सांसद वह हैं। लोजपा के संस्थापक और बड़े भाई रामविलास पासवान ने ये सीट उन्हें दी थी।
इसलिए हाजीपुर सीट से चुनाव वे ही लडेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि भविष्य में अब चाचा-भतीजा एक नहीं हो सकते। चिराग ने हाजीपुर के अलवा नवाजा लोकसभा सीट पर भी अपनी दावेदारी ठोंक दी है। वहीं अगले साल होनेवाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार महागठबंधन के खिलाफ भाजपा नेता रणनीति बनाने में जुटे हैं। बिहार के छोटे दलों को साथ लाने की कोशिश की जा रही है।
READ ALSO : नौकरीपेशा लोगों के लिए काम की खबर : जॉब बदलने पर EPF की चिंता नहीं, खुद अपडेट कर सकते एग्जिट डेट

