Home » Land For Job Scam: ईडी ने तेजस्वी, लालू को पूछताछ के लिए किया तलब, जानें क्या होगा आगे

Land For Job Scam: ईडी ने तेजस्वी, लालू को पूछताछ के लिए किया तलब, जानें क्या होगा आगे

by Rakesh Pandey
Land For Job Scam
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली। Land For Job Scam: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले की जांच के संबंध में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और उनके पिता एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद को पूछताछ के लिए तलब किया है। तेजस्वी को 22 दिसंबर को एजेंसी के दिल्ली कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। वहीं लालू प्रसाद को अगले सप्ताह 27 दिसंबर को पीएमएलए के तहत अपने बयान दर्ज कराने के लिए पेश होने को कहा गया है।

इस मामले में ईडी 11 अप्रैल को तेजस्वी यादव से करीब आठ घंटे तक पूछताछ कर चुकी है लेकिन यह पहली बार है जब उसने लालू प्रसाद को जांच में शामिल होने के लिए समन किया है। यह समन लालू प्रसाद परिवार के एक कथित करीबी सहयोगी अमित कात्याल से पूछताछ के बाद आया है। कात्याल को ईडी ने नवंबर में गिरफ्तार किया था।

लालू प्रसाद पर जमीन के बदले नौकरी देने का आरोप :

कथित घोटाला उस समय का है जब लालू प्रसाद संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग)-1 सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि 2004 से 2009 तक, भारतीय रेलवे के विभिन्न जोन में समूह डी पदों पर कई व्यक्तियों को नियुक्त किया गया था और बदले में, इन व्यक्तियों ने अपनी जमीन तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद के परिवार के सदस्यों और एक संबंधित कंपनी एके इन्फोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड को हस्तांतरित कर दी थी। ईडी ने पहले एक बयान में दावा किया था कि कात्याल इस कंपनी के निदेशक थे, जब इसने लालू प्रसाद की ओर से अभ्यर्थियों से जमीन हासिल की थी।

कात्याल ने पूरी संपत्ति लालू परिवार के हवाले की थी

जांच एजेंसी ने आरोप लगाया था कि कंपनी का पंजीकृत पता डी-1088, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, नयी दिल्ली है, जो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों का घर है। इसने कहा कि लालू प्रसाद यादव जब रेल मंत्री थे, तब उनके द्वारा अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले में अमित कात्याल ने उक्त कंपनी में कई अन्य जमीन भी ली थीं। ईडी के अनुसार, भूमि प्राप्त करने के बाद, उक्त कंपनी के शेयर 2014 में लालू प्रसाद के परिवार के सदस्यों को हस्तांतरित कर दिए गए थे।

प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को इस मामले में सीबीआई द्वारा उनके खिलाफ आरोप पत्र दायर करने के बाद अक्टूबर में एक निचली अदालत द्वारा जमानत दे दी गई थी।

Land For Job Scam: बिना विज्ञापन निकाले दे गयी नौकरी

राजद विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ I.N.D.I.A. का एक घटक दल है जो आगामी 2024 के आम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने की योजना बना रहा है। सीबीआई के अनुसार, नियुक्ति के लिए कोई विज्ञापन या सार्वजनिक सूचना जारी नहीं की गई थी, लेकिन पटना के कुछ निवासियों को मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर में विभिन्न जोनल रेलवे में नियुक्त किया गया था। इसने आरोप लगाया कि इसके बदले में, अभ्यर्थियों ने, सीधे या अपने परिवार के सदस्यों के माध्यम से, कथित तौर पर लालू प्रसाद के परिवार के सदस्यों को अत्यधिक रियायती दरों पर जमीन बेची।

इनका दर्ज हो चुका है बयान

पिछले कुछ महीनों में, ईडी ने इस मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद की पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनकी बेटियों मीसा भारती (राज्यसभा में राजद सदस्य), चंदा यादव और रागिनी यादव के बयान दर्ज किए हैं।

READ ALSO: CAT Result 2023 : कैट का परीक्षा परिणाम जारी, जमशेदपुर के तन्मय काे मिला 99.85 परसेंटाईनल

Related Articles