Asia Cup: तमीम इकबाल के बांग्लादेश वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को एशिया कप (Asia Cup) और वनडे वर्ल्ड के लिए टीम का नया कप्तान बनाया गया है। तमीम इकबाल के बांग्लादेश के ODI कप्तान के पद से इस्तीफा देने के बाद से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड नए कप्तान की तलाश में था। एशिया कप 2023 (Asia Cup) से ठीक पहले बांग्लादेश को नया वनडे कप्तान मिल गया है। शाकिब अल हसन को एक बार फिर बांग्लादेश का वनडे कप्तान बनाया गया है। वह एशिया कप और विश्व कप में टीम का नेतृत्व करेंगे। पीठ की चोट के कारण एशिया कप से बाहर होने के बाद 3 अगस्त को तमीम इकबाल के इस्तीफे के बाद शाकिब अब तीनों फॉर्मेट में एकतरफा राज करेंगे।
एशिया कप (Asia Cup), न्यूजीलैंड सीरीज और विश्व कप के लिए करेगें कप्तानी
एशिया कप (Asia Cup) के बाद सितंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज होगी। इससे पहले वे 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले वनडे विश्व कप के लिए भारत की यात्रा करेंगे। बीसीबी अध्यक्ष नजमुल हसन ने ढाका में अपने आवास पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘शाकिब अल हसन एशिया कप, न्यूजीलैंड सीरीज और विश्व कप के लिए कप्तान हैं।’
तमीम इकबाल की जगह मिला मौका
तमीम इकबाल ने कुछ दिन पहले ही संन्यास का ऐलान कर दिया था। तब बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना से मुलाकात के बाद उन्होंने कुछ ही घंटों में संन्यास तोड़ने का फैसला किया था। लेकिन हाल ही में चोटिल होने के बाद तमीम इकबाल ने वनडे कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
शाकिब अल हसन का कप्तानी रिकॉर्ड
शाकिब ने 2009 और 2011 के बीच 49 वनडे मैचों में बांग्लादेश का नेतृत्व किया था, जब वह पहली बार कप्तान बने थे और उनमें से 22 में जीत हासिल की थी। शाकिब ने बाद में 2015 और 2017 में 3 और वनडे मैचों में बांग्लादेश की कप्तानी की। शाकिब ने अब तक 19 टेस्ट और 39 T20I में बांग्लादेश का नेतृत्व किया है और कप्तान के रूप में उनके 52 वनडे मैचों में से आखिरी मैच 2017 में था।
31 अगस्त को खेलेगी पहला मुकाबला
आगामी एशिया कप 2023 (Asia Cup) में बांग्लादेश की टीम अपना पहला मुकाबला 31 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले स्टेडियम में खेलेगी। इसके बाद टीम 3 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ लाहौर के स्टेडियम में मुकाबला खेलेगी। वनडे वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश की टीम को घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज भी खेलनी है, जिसकी शुरुआत 21 सितंबर से होगी। वहीं वर्ल्ड कप में टीम अपना पहला मुकाबला 7 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला के स्टेडियम में खेलेगी।

