डुमरी (गिरिडीह) : डुमरी उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन रविवार दोपहर बाद इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी बेबी देवी के पक्ष मेें सीएम हेमंत सोरेन समेत अन्य मंत्रियों ने चार किमी रोड शो निकाल कर जन समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुली जीप पर सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।
डुमरी उपचुनाव में सत्ता पक्ष ने झोंकी की ताकत
प्रत्याशी की जीत के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरी ताकत झोंक दी है। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री हफीजुल अंसारी, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री आलमगीर आलम भी थे।
रोड शो झारखंड कॉमर्स कॉलेज से शुरू हुआ। चिरैया मोड़ से कुलगो, सीमराडीह मोड़, डुमरी बाजार, इसरी बाजार, रांगामाटी होते हुए निमियाघाट तक पहुंचा। यहां से सीएम हेमंत सोरेन वापस झारखंड कॉमर्स कॉलेज पहुंचे। सीएम व अन्य नेता काले रंग की ओपेन थार पर सवार थे। इसी वाहन में अन्य मंत्री भी थे। प्रत्याशी सीट पर बैठी थी। शो के दौरान मुख्यमंत्री हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते रहे।
बेबी देवी के लिए सीएम हेमंत सोरेन ने किया रोड शो
कहीं-कहीं सीएम मुस्कराते हुए हाथ हिलाते हुए भीड़ का उत्साह बढ़ाते रहे। रोड शो में कार्यकर्ताओं की काफी भीड़ थी। कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय, विधायक सुदिव्य कुमार, जयमंगल सिंह, विधायक अंबा प्रसाद, पूर्व विधायक ममता देवी, पूर्व विधायक जेपी वर्मा, जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह, कांग्रेस नेता सतीश केडिया, राजू महतो समेत झामुमो, कांग्रेस, भाकपा माले के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
डुमरी उपचुनाव में एनडीए गठबंधन की ओर से आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी और आइएनडीआइ गठबंधन की ओर से झामुमो की बेबी देवी समेत उम्मीदवार मैदान में हैं। शाम में वायु मार्ग से सीएम वापस रांची चले गए।
सीएम के रोड शो को ले सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था की गई थी। प्रमुख जगहों पर जवानों की तैनाती की गई थी। आचार संहिता के पालन की निगरानी को प्रशासन की ओर से वीडियोग्राफी की व्यवस्था करवाई गई थी। चुनाव प्रचार की अवधि खत्म होने के बाद अब उम्मीदवार घर-घर कैंपेन करेंगे। उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार पांच सितंबर को होगा। उपचुनाव के परिणाम आठ सितंबर को आएंगे।
READ ALSO : स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला जलाने के आरोप में 30 से अधिक हिंदू कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज

