वाराणसी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। गृह मंत्री के आगमन के साथ ही शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
बाबा काल भैरव के किए दर्शन
एयरपोर्ट से सीधे अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन किया और आरती उतारी। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। बाबा काल भैरव को काशी का कोतवाल माना जाता है, जिनका दर्शन विशेष महत्व रखता है।
24 जून को मध्य क्षेत्रीय परिषद की ऐतिहासिक बैठक
अमित शाह 24 जून को ताज होटल में आयोजित 25वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भाग लेंगे। यह पहली बार है जब काशी में इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हो रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी।
बैठक में उठेंगे सुरक्षा और विकास के मुद्दे
बैठक में राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के अधिकारी, गृह मंत्रालय और अंतर राज्य परिषद के अधिकारी भी भाग लेंगे। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, आंतरिक कानून व्यवस्था, जल प्रबंधन और राज्यों के आपसी सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
रात्रिभोज का आयोजन, अतिथियों का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विशेष अतिथियों के लिए नदेसर स्थित ताज होटल में रात्रिभोज की भी व्यवस्था की है।
कार्यक्रम में श्रम मंत्री अनिल राजभर, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नगर विकास मंत्री ए के शर्मा सहित अन्य मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

