Home » Jamshedpur News : मानगो में डिमना बाबा तिलका माझी चौक पर फ्लाईओवर बनाने का रास्ता साफ, पत्थरगड़ी होगी शिफ्ट, प्रतिमा के सौंदर्यीकरण पर बनी सहमति

Jamshedpur News : मानगो में डिमना बाबा तिलका माझी चौक पर फ्लाईओवर बनाने का रास्ता साफ, पत्थरगड़ी होगी शिफ्ट, प्रतिमा के सौंदर्यीकरण पर बनी सहमति

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मानगो के डिमना में बाबा तिलका माझी चौक स्थित पत्थरगड़ी को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने और भारत के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण को लेकर शुक्रवार को मानगो के अंचल कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की।

इस त्रिपक्षीय वार्ता में बाबा तिलका माझी स्मारक समिति के सचिव मदन मोहन सोरेन, अध्यक्ष रमेश मुर्मू, दीपक रंजीत सहित समिति के अन्य सदस्य तथा एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के प्रतिनिधि कृष्ण मोहन मिश्रा और इकबाल मोहम्मद मौजूद थे।

पूर्व में हुई बैठक के बाद किए गए कार्यों से स्मारक समिति संतुष्ट नहीं थी, जिसके चलते अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी थी। शुक्रवार को हुई बैठक में इस मुद्दे पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाबा तिलका माझी चौक के आसपास साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही चौक में बाबा तिलका मांझी की आदमकद प्रतिमा स्थापित कर उसका समुचित सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

मौके पर स्मारक समिति के सचिव मदन मोहन सोरेन ने कहा कि संवादहीनता के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। उन्होंने समिति की ओर से आश्वासन दिया कि पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पत्थरगड़ी को जल्द ही अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा, ताकि फ्लाईओवर निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल सके।

बैठक में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान एनएच-18 पर तिलका चौक डिमना से डेंटल कॉलेज तक उड़ रही अत्यधिक धूल से स्थानीय ग्रामीणों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर अंचल अधिकारी ने एच.जी. इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड को निर्देश दिया कि आवश्यकता के अनुसार नियमित रूप से सड़क पर पानी का छिड़काव कराया जाए।

इस बैठक में मदन मोहन सोरेन, रमेश मुर्मू, दीपक रंजीत, सोनाराम टुडू, पप्पू सोरेन, सुनील हेंब्रम, चमन सिंह, अभिषेक सिंह, सागर पाल सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Read Also- Jharkhand Under-15 Women Cricket Team : झारखंड अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में घाटशिला की रायनीता एवं प्रियंका चयनित

Related Articles