घाटशिला : जेएससीए अंडर-15 महिला झारखंड टीम में कालिकापुर निवासी रायनीता हपदगड़ा और खंडामौदा बहरागोड़ा निवासी प्रियंका का चयन हुआ है। दोनों बालिका क्रिकेटर का पहली बार इस क्षेत्र से झारखंड राज्य स्तरीय खिलाड़ियों में चयन हुआ है। उक्त जानकारी झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) रुरल कमेटी के जिला कोऑर्डिनेटर धनजी सिंह ने प्रेसवार्ता आयोजित कर दी है। उन्होंने कहा कि विजय बोस टूर्नामेंट में मिश्रित जेंडर का आयोजन करके महिला क्रिकेट को बढ़ावा दिया जा रहा था। इसका परिणाम आज देखने को मिला। इस बार कुल चार टीमों में महिला क्रिकेटर को शामिल किया गया।

पिता से सीखे क्रिकेट के गुर
रायनीता कान्वेंट स्कूल मुसाबनी की आठवीं की छात्रा है। रायनीता ने अपने पिता से ही क्रिकेट खेलने की प्रेरणा ली हैं। उन्होंने क्लास 3 से ही क्रिकेट सीखना प्रारंभ किया था। रायनीता के पिता रेमंड हपदगड़ा जो बीसीसीआई लेवल वन कोच है उन्होंने अपनी कोचिंग सेंटर में ही अपने बेटी को क्रिकेट के गुर सिखाये।
चयन का श्रेय पिता और कोच को दिया
खंडामौदा हाई स्कूल की कक्षा आठवीं की छात्रा प्रियंका कर खंडामौदा गांव निवासी देवराज की पुत्री है। अपने पिता के सपने को साकार करने के लिए खूब मेहनत की। बहरागोड़ा क्रिकेट एकेडमी के कोच निशिकांत कुमार के प्रशिक्षण में मेहनत और लगन के साथ अपना अभ्यास जारी रखा। मेहनत का फल मिला और झारखंड राज्य स्तरीय अंडर-15 के लिए चयनित हुई। उनके इस चयन का मुख्य श्रेय पिता देवराज कर और कोच निशिकांत कुमार को जाता है।
झारखंड का करेगी प्रतिनिधित्व
जिला कोऑर्डिनेटर धनजी सिंह ने बताया कि इन दोनों बालिकाओं ने झारखंड में इस क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ी 2 से 10 जनवरी तक विशाखापट्टनम में होने वाले राष्ट्रीय स्तर क्रिकेट टूर्नामेंट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
Read Also- Jharkhand Sports News : राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता चैंपियनशिप झारखंड को मिले तीन पदक

