RANCHI : बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को थाईलैंड में आयोजित थर्ड इंटरनेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर झारखंड का नाम रोशन करने वाली जामताड़ा की बेटी देवासी हेंब्रम को सम्मानित किया। रांची स्थित अपने आवास पर उन्होंने देवासी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। देवासी हेंब्रम जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड की रहने वाली हैं। बेहद सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 4 से 7 मई तक थाईलैंड में आयोजित एयर गन शूटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी
इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि कोई खिलाड़ी संघर्ष और अभाव के बीच देश और राज्य का नाम रोशन कर रहा है तो समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि उसे हर संभव सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि देवासी की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए शूटिंग किट और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जानकारी के अनुसार अब तक सरकार की ओर से उसे कोई विशेष सहायता नहीं मिली है।
पिता करते है खेती
देवासी ने बताया कि उनके पिता किसान हैं और खेती-बाड़ी से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वह अपनी बहन के साथ जामताड़ा में किराए के छोटे कमरे में रहकर पढ़ाई और शूटिंग की प्रैक्टिस करती हैं। खर्च चलाने के लिए वह एक फिजियोथेरेपी सेंटर में पार्ट-टाइम नौकरी भी करती हैं। देवासी ने कहा कि यदि उन्हें बेहतर संसाधन और सुविधाएं मिलें, तो वह भविष्य में वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी देश के लिए पदक जीत सकती हैं।

