Home » Ghatshila News: झारखंड सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण आर्थिक संकट से गुजर रहे किसान

Ghatshila News: झारखंड सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण आर्थिक संकट से गुजर रहे किसान

by Rajesh Choubey
Ghatshila farmers protest
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ghatshila : किसानों की समस्याओं एवं प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के घाटशिला, गालूडीह और दामपाड़ा मंडल कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार घाटशिला प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की और बीडीओ को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए किसानों और आम जनता की समस्याओं के समाधान की मांग की। घाटशिला मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।

चुनाव पूर्व किसानों से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल देने, कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने तथा खाद-बीज और कृषि उपकरण सुलभ कराने सहित कई बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इन वादों को भुला दिया गया है। जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी ने कहा कि किसानों को धान बेचने के बाद भी समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है और हजारों किसानों की करोड़ों रुपये की राशि अब तक बकाया है। वहीं, बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन प्रभावित किसानों को समुचित मुआवजा नहीं मिला।

किसानों को दिया जाए फसल क्षति का मुआवजा

वहीं, मंडल प्रभारी साकेत अग्रवाल और मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय ने किसानों को जल्द बकाया भुगतान करने, फसल क्षति का मुआवजा देने, फ़सल बीमा योजना की बाधाओं को दूर करने, सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने, खाद-बीज और कृषि उपकरण सब्सिडी पर उपलब्ध कराने की मांग उठाई। धरना और प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। मांगपत्र के द्वारा किसानों के समस्याओं के साथ ही घाटशिला प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण व शहरी इलाकों में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और जल निकासी जैसी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। भाजपा ने कहा कि कई गांवों और पंचायतों में चापाकल खराब पड़े हैं, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

खराब चापाकल ठीक करने की भी उठाई गई मांग

खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत, नए चापाकलों की स्थापना की मांग की गई। इसके अलावा दाहीगोड़ा जलमीनार से होने वाली पेयजल आपूर्ति में लगातार आ रही समस्याओं को दूर करने तथा पावड़ा समेत अन्य क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वृहद योजना बनाकर कार्य करने की मांग उठाई गई। भाजपा नेताओं ने क्षेत्र में खराब पड़े हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत, निर्बाध बिजली आपूर्ति, मुख्य सड़क की नालियों की सफाई एवं मरम्मत तथा बरसात पूर्व बेहतर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की। वहीं, मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग कराने तथा स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस अवसर पर वरीय नेता लखन मार्डी, जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी, मंडल प्रभारी साकेत अग्रवाल, अध्यक्ष विजय पांडेय, अमरदीप शर्मा, संजय महाकुड़, हेमंत नारायण देव, गौर चंद्र पात्र, विश्वनाथ बेहरा, गीता मुर्मू, रविशंकर सिंह, रंगलाल महतो, विश्वजीत पांडा, गोपाल पटनायक, ब्रजेश सिंह, मंटू प्रजापति, मंटू सिंह, रवीना वाल्मीकि, नोमीता दास, हिरा लाल महतो, सुबोध सिंह, दीपक दंडपात, विवेक महापात्र, डॉ एनसी महतो, प्रदीप बिशोई, सरोज दत्ता, सुमित सिंह राजपूत समेत बड़ी संख्या में भाजपाई उपस्थित थे।

Read Also: Ramgarh News: पतरातू से चोरी हुआ टाटा 709 वाहन लोहरदगा से बरामद, रामगढ़ SP ने दो थानों का किया निरीक्षण

Related Articles

Leave a Comment