Jamshedpur : ग्रामीण जलापूर्ति योजना 15 जून से शुरू हो जाएगी। यह बात पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने पोटका के विधायक संजीव सरदार से कही है। कहा जा रहा है कि बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत काम लगभग पूरा हो चुका है। मेन लाइन में 550 मीटर पाइपलाइन बिछाने का काम बाकी है। राइजिंग लाइन में 800 मीटर का काम शेष है।
60% घरों में हो गया कनेक्शन
60% घरों में जलापूर्ति का कनेक्शन कर दिया गया है। 15 दिनों के अंदर बाकी 40% घरों को भी जलापूर्ति योजना से कनेक्ट कर दिया जाएगा। विधायक संजीव सरदार ने बताया कि उन्होंने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया है कि दोगुना मैनपॉवर लगाकर 15 जून से पहले काम पूरा कर लें।
15 जून से पहले शुरू होगी टेस्टिंग
विधायक ने कहा है कि बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना की टेस्टिंग शुरू करें और 15 जून से हर हाल में बागबेड़ा को पानी दिया जाए। ग्रामीण जलापूर्ति योजना काफी लंबे समय से लंबित है। यह योजना गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के साथ ही शुरू हुई थी। गोविंदपुर में भी वाटर प्लांट का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लेकिन बागबेड़ा योजना लंबित हो गई। जबकि गोविंदपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना कई साल पहले ही शुरू कर दी गई है। बागबेड़ा जलापूर्ति योजना पोटका विधानसभा क्षेत्र में आती है। बागबेड़ा में हर साल गर्मी के दिनों में पानी के लिए हाहाकार मचता है। लेकिन अब तक योजना परवान नहीं चढ़ पाई है।
साल 2015 में हुआ था शिलान्यास
ग्रामीण जलापूर्ति योजना का शिलान्यास 18 अप्रैल साल 2015 में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया था। बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना और गोविंदपुर बृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना 237 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से पूरी होनी थी।

