Home » Ghatshila News: बहरागोड़ा में कार की चपेट में आने से बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की मौत

Ghatshila News: बहरागोड़ा में कार की चपेट में आने से बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की मौत

भुगान बास्के जैसे ही संतोष होटल के पास कटिंग से सड़क पार करने लगे, जमशेदपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार होंडा एमेज कार (जेएच 01जीए 9778) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

by Rajesh Choubey
लातेहार में सड़क हादसा
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

घाटशिला : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के संतोष होटल के समीप गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी 65 वर्षीय भुगान बास्के की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब भुगान अपनी स्कूटी से सड़क पार कर रहे थे। गुड़ाबंदा थाना अंतर्गत बेनागाड़िया निवासी भुगान बास्के अपने बच्चे का नामांकन (एडमिशन) कराने बहरागोड़ा जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, उनकी पत्नी मुनी बास्के बस से बहरागोड़ा के लिए निकली थीं, जबकि भुगान अपनी स्कूटी से पीछे-पीछे आ रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था पत्नी के पहुंचने से पहले ही काल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भुगान बास्के जैसे ही संतोष होटल के पास कटिंग से सड़क पार करने लगे, जमशेदपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार होंडा एमेज कार (जेएच 01जीए 9778) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और भुगान बास्के सड़क पर काफी दूर जा गिरे। उनके सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही अत्यधिक रक्त बह गया। घटना के बाद चालक कार लेकर तेजी से फरार हो गया, लेकिन बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ आरोपी का पीछा किया। लगभग फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए पुलिस ने पड़ोसी थाना बरसोल क्षेत्र में घेराबंदी की और दुर्घटना में अंजाम देने वाले चालक को पकड़ लिया। कार को भी जब्त कर लिया गया।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल भुगान को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहरागोड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर उनकी पत्नी और परिजनों तक पहुंची, अस्पताल परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया है। इस घटना के बाद से बेनागाड़िया गांव में मातम छाया हुआ है। ग्रामीणों ने एनएच 18 पर बढ़ती दुर्घटनाओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।

Read Also: Chaibasa News: चाईबासा SDO ने गैस वितरक एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश- किसी भी परिस्थिति में सिलेंडर की न हो कालाबाजारी

Related Articles

Leave a Comment