रामगढ़ : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) प्लांट में 148 कर्मचारियों का एक साथ जन्मदिन मनाया गया। प्रबंधन की ओर से ‘पीपुल फर्स्ट कल्चर’ के तहत मई माह में जन्म लिए सभी कर्मचारियों का सामूहिक जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। “वन सेलिब्रेशन, मेनी स्माइल्स” थीम पर आधारित इस आयोजन ने कर्मचारियों के बीच उत्साह, एकता और आपसी सहयोग की भावना को और मजबूत किया।
बीएफसीएल प्रबंधन के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार जताना, टीम भावना को मजबूत बनाना तथा संगठन में सकारात्मक और समावेशी कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। कर्मचारियों की संतुष्टि और सहभागिता किसी भी संस्थान की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
समारोह में जीएफए, एचएसपीए तथा रांची स्थित प्रधान कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विभिन्न विभागों के कर्मचारी एक साथ एक मंच पर जुटे और इस विशेष अवसर को उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के विभिन्न विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को बढ़ाया तथा कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
केक काटकर बधाई संदेश साझा किए
कार्यक्रम एचएसपी कैंटीन, जीएफए कैंटीन और मुख्य कार्यालय परिसर में किया गया। जन्मदिन मनाने वाले सभी कर्मचारियों को सामूहिक रूप से शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के दौरान केक काटकर बधाई संदेश साझा किए गए।
मौके पर अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण ही कंपनी की निरंतर प्रगति और उपलब्धियों का आधार हैं। ऐसे आयोजन केवल उत्सव का माध्यम नहीं होते, बल्कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच विश्वास, सहयोग और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि जब किसी संगठन में कर्मचारियों को सम्मान और अपनापन मिलता है, तो उनकी कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता स्वाभाविक रूप से बढ़ती है। इसी सोच के साथ बीएफसीएल समय-समय पर कर्मचारी कल्याण और सहभागिता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है।

