Bokaro: बोकारो में एक महिला की हत्या कर दी गई है। हत्यारे ने हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद शव बीएस सिटी कॉलेज के पास झाड़ियों में फेंक दिया है। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद सेक्टर 6 थाना की थाना प्रभारी संगीता कुमारी और बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास मौके पर पहुंचे।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से महिला के जो कपड़े बरामद हुए हैं, उनको फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। महिला की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने इलाके के कई लोगों को शव की शिनाख्त के लिए बुलाया। लेकिन, कोई पहचान नहीं सका।
थानों में गुमशुदगी रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि महिला के चेहरे को बुरी तरह कूच दिया गया है। इससे पहचान में मुश्किल हो रही है। पुलिस ने बोकारो के सभी थानों को सूचना दे दी है और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट को खंगाला जा रहा है। ताकि, महिला की पहचान कराई जा सके।
देखे जा रहे हैं सीसीटीवी कैमरे
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है, जिससे पता चल सके कि झाड़ियों की तरफ कौन-कौन गया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही महिला की पहचान कर हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

