नोएडा : आपने अक्सर ऐसे वाहन देखे होंगे जिन पर ठाकुर, यादव, ब्राह्मण्, गुर्जर, चौधरी, महातो जैसे शब्द लिखे होते हैं। अगर आप उत्तर पदेश में रहते हैं और आपके वाहनों पर भी ऐसे शब्द लिखे है तो सावधान हो जाइए, क्योंकि यूपी की ट्रैफिक पुलिस ने इसके खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिले की ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर जाति और धर्म सूचक शब्द लिखे और शीशे पर काली फिल्म लगाने वाले एक हजार से अधिक वाहनों का चालान काटा। वहीं दूसरे जिलों में भी जिल्द यह अभियान चलने वाला है।गौतमबुद्ध नगर के पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार यादव ने बताया कि यह गैरकानूनी है। जिसके खिलाफ हम कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाहनों पर धर्म और जाति सूचक शब्द लिखना यातायात नियमों की अवहेलना है।
CM योगी के आदेश के बाद शुरू हुई कार्रवाई:
विदित हो कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ द्वारा इस संबंध में निर्देशों जारी किया गया था। इसमें कहा गया था कि वाहनों पर जाति या धर्म सूचक शब्द लिखने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस अभियान चलाए। इसके बाद ही पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है। इससे पहले भारत सरकार की ओर से प्रदेश सरकार को साल 2020 में कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था।
जानिए कितने का कट रहा चालान:
कार के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों का 2500 रुपए का और नंबर प्लेट पर धर्म और जातिसूचक शब्द लिखने वालों का 1000 रुपए का चालान काटा जा रहा है। वहीं नंबर प्लेट के अक्षरों से छेड़छाड़ करने या उन्हें किसी शब्द का रूप देने पर पहली बार में ही 5 हजार रुपए का चालान काटा जा रहा है। वहीं, दूसरी बार ऐसे अपराध में पकड़े जाने पर 10 हजार रुपए।
जानिए क्या है नियम:
मालूम हो कि गाड़ियों पर गलत तरीके से नंबर प्लेट का उपयोग करना, पदनाम लिखकर चलना, लाल-नीली बत्ती का दुरुपयोग जैसे कई मामलों पर उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद एक अधिसूचना जारी की गई थी। कई सालों तक कोई भी सख्त कदम नहीं उठाया गया, लेकिन अब योगी सरकार के आदेश पर कार्रवाई शुरू हो गयी है।
जानिए क्या होना चाहिए नंबर प्लेट का आकार?
दोपहिया वाहनों की आगे वाली प्लेट का आकार: 285 x 45 मिमी, पीछे की प्लेट का आकार: 200 x 100 मिमी।
थ्री-व्हीलर और ई-रिक्शा की प्लेट का आकार: 200 x 100 मिमी।
कार एलएमवी की प्लेट का आकार: 340 x 200 मिमी।
कमर्शियल वाहनों की प्लेट का आकार: 340 x 200 मिमी।
निजी नंबर प्लेट का रंग सफेद होना चाहिए और अक्षर-अंक काले होने चाहिए।
कमर्शियल वाहनों की प्लेट पर पीले रंग में काले अक्षर-अंक लिखे जाने चाहिए।
READ ALSO : सीमा हैदर ने रक्षा बंधन पर मोदी, भागवत, शाह, राजनाथ और योगी को भेजीं राखियां
वाहन नंबर का साइज?
ट्रक : अक्षर की ऊंचाई 65 मिमी। अक्षर की मोटाई 10 मिमी। अंक से अंक की दूरी 10 मिमी।
कार : अक्षर की ऊंचाई 40 मिमी, मोटाई 7 मिमी, अक्षर से अक्षर की दूरी 5 मिमी।
दोपहिया वाहन : अक्षर की ऊंचाई 35 मिमी, मोटाई 7 मिमी, अक्षर से अक्षर की दूरी 5 मिमी।

