चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले से लगातार हो रहे पलायन और मानव तस्करी की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से शनिवार देर रात चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और यात्रा संबंधी जानकारी ली। इसके बाद वे जीआरपी थाना पहुंचे, जहां थाना प्रभारी सोहेल खान से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, परिसर में होने वाली गतिविधियों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत जानकारी ली।
एसडीपीओ ने ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों से की बातचीत
एसडीपीओ ने ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों से भी संवाद किया और उनके गंतव्य, यात्रा के कारण और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। बता दें कि पश्चिमी सिंहभूम जिले से लगातार हों रहीं ही रोजगार दिलाने के नाम पर बाल मजदूरों और युवतियों की दूसरे राज्यों में तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं।
स्टेशन पर लगातार बढ़ाई जा रही निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
चक्रधरपुर थाना पुलिस की तत्परता से अब तक दर्जनों नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू कर उन्हें सीडब्ल्यूसी चाईबासा को सौंपा जा चुका है। गुरुवार रात भी थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने सात युवतियों को दूसरे प्रदेशों में होने वाले शोषण और प्रताड़ना की जानकारी देकर समझा-बुझाकर सुरक्षित उनके घर वापस भेज दिया था। पुलिस का कहना है कि स्टेशन पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी तरह की तस्करी की कोशिश को नाकाम किया जा सके।

