
Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार अभी तक बरामद नहीं हो सका है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने का प्रयास जारी है।
घटना गुरुवार देर रात रामजनमनगर में हुई थी। किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने संजय तांडी के मुंह पर सटाकर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद घायल संजय तांडी की बहन संतोषी तांडी के बयान पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में पड़ोसी अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना को नामजद आरोपी बनाया गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

