
गुजरात/खूंटी : रोजगार की तलाश में गुजरात गया खूंटी का एक युवक मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण अपने साथियों से बिछड़ गया था। आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार उसे वापस लाने में असमर्थ था। ऐसे मुश्किल समय में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया की त्वरित पहल और आर्थिक सहयोग से युवक का पता लगाया गया और आखिरकार वह सकुशल अपने घर लौट आया। युवक की वापसी से परिजनों के साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
विधायक की पहल से सुरक्षित लौटा सुरेश स्वांसी
खूंटी जिले के पिडुल गांव निवासी सुरेश स्वांसी रोजगार के सिलसिले में गुजरात गए थे। यात्रा के दौरान उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई, जिसके बाद वह अपने साथियों से अलग हो गए। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। बाद में साथियों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
आर्थिक तंगी बनी सबसे बड़ी बाधा
कुछ समय बाद सुरेश के गुजरात में होने की सूचना मिली, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार उन्हें वापस लाने में सक्षम नहीं था। इसके बाद परिजनों ने तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया से मदद की गुहार लगाई।
कंपनी प्रबंधन से संपर्क कर कराई सुरक्षित देखभाल
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक सुदीप गुड़िया ने संबंधित कंपनी के सुपरवाइजर और प्रबंधन से संपर्क किया। उन्होंने सुरेश की तलाश कर सुरक्षित रखने और परिजनों के पहुंचने तक उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद सुरेश का पता चल गया और उन्हें सुरक्षित रखा गया।
आर्थिक सहायता से संभव हुई घर वापसी
इसके बाद विधायक ने सुरेश के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई, जिससे वे गुजरात जाकर उन्हें अपने साथ वापस ला सके। शनिवार को सुरेश सकुशल खूंटी पहुंच गए। उनकी सुरक्षित वापसी से परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
परिजनों ने जताया आभार
सुरेश स्वांसी के परिजनों ने विधायक सुदीप गुड़िया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद, संवेदनशीलता और त्वरित पहल के कारण ही सुरेश की सुरक्षित घर वापसी संभव हो सकी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की ऐसी संवेदनशील भूमिका समाज में विश्वास को मजबूत करती है।
Read Also- Palamu Crime: पलामू में पुलिया पर बैठने के विवाद ने ली मासूम की जान, दो आरोपी गिरफ्तार

