
Jamshedpur : जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस चर्चित मामले के फरार आरोपी मोहित बाग उर्फ थाटो को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके साथ ही इस कांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
गौरतलब है कि 15 मई 2026 को पांच अपराधी मैरून रंग की वैगनआर कार से यूनिक कलेक्शन पहुंचे थे। अपराधियों ने रंगदारी की रकम नहीं मिलने और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से दुकान पर फायरिंग की थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में कांड संख्या 39/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, खुफिया सूचना और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान मनीष सिंह गिरोह के सदस्यों के रूप में की।
पुलिस ने पहले ही सन्नी सिंह सरदार, सागर उपाध्याय उर्फ बिक्कू मात्रे, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में इन आरोपियों ने खुलासा किया कि घटना के समय मैरून वैगनआर कार में मोहित बाग उर्फ थाटो भी मौजूद था।
इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार 3 जुलाई को पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर, ह्यूम पाइप इलाके से मोहित बाग उर्फ थाटो (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपी राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर और शिवम रामटेके को भी पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
इस कांड में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मैरून रंग की वैगनआर कार, पांच देसी पिस्टल, खोखा, जिंदा कारतूस तथा अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां समेत जुगसलाई थाना की विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Read Also: Jamshedpur Bandh: जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को इलाके में जबरन दुकान बंद कराने वाले 18 लोगों पर FIR

