Home » Palamu Crime:  पलामू में पुलिया पर बैठने के विवाद ने ली मासूम की जान, दो आरोपी गिरफ्तार

Palamu Crime:  पलामू में पुलिया पर बैठने के विवाद ने ली मासूम की जान, दो आरोपी गिरफ्तार

पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदुबिगहा गांव में बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में चार महीने के मासूम की मौत हो गई

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेदिनीनगर : पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदुबिगहा गांव में बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में चार महीने के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दो जुलाई की शाम करीब साढ़े आठ बजे फगुनी पासवान के बेटे अतुल पासवान और आनंद पासवान का गांव के ही चितरंजन पासवान उर्फ शिवम से घर के पास पुलिया पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद चितरंजन वहां से चला गया और कुछ देर बाद धारदार हथियार बलुआ लेकर वापस लौटा। इसके बाद उसने फगुनी पासवान के भाई दीपक पासवान के घर पहुंचकर हमला कर दिया।
हमले में दीपक पासवान, उनकी पत्नी रूपा देवी और उनका चार महीने का बेटा प्रिंस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मासूम प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। दीपक पासवान और रूपा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच डालटनगंज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी चितरंजन कुमार पासवान उर्फ शिवम (29) और उसके पिता तुलसी पासवान (62) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बलुआ/फरसा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में हत्या, हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Read Also: Kadma Firing : दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी 

Related Articles

Leave a Comment