
Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने आजादनगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
मामले में कपाली लिंक रोड निवासी 66 वर्षीय नौशाद आलम ने 3 जुलाई की शाम आजादनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके घर से एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार, एक्सटेंशन कॉर्ड समेत अन्य सामान चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने कपाली लिंक रोड स्थित खुशबूनगर निवासी मोहम्मद आमिर (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले भी मोहल्ले के कई घरों से बर्तन, रसोई का सामान और राशन जैसी वस्तुओं की चोरी कर चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ साकची थाना में भी एक मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस पूरी कार्रवाई को आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं सशस्त्र बल की टीम ने अंजाम दिया।

