Ranchi : झारखंड में इन दिनों रांची के होटवार जेल में महिला बंदी के साथ जेल सुपरिंटेंडेंट द्वारा शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़ित महिला बंदी गर्भवती हो गई है। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर सुपरिंटेंडेंट की गिरफ्तारी की मांग की है।
बाबूलाल मरांडी ने पत्र में लिखा है कि उन्हें पता चला है कि पीड़ित महिला बंदी को इलाज और बीमारी के बहाने किसी नर्सिंग होम में ले जाकर जैविक गर्भ और फोरेंसिक साक्ष्यों को नष्ट करने की साजिश रची जा रही है। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि मामले में जेल आइजी खुद पूरे मामले को रफा-दफा करने और फाइल गायब करने के चक्कर में लगे हुए हैं। जेल आईजी पर आरोप लगाया कि वह जेल सुपरिंटेंडेंट को बचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
बाबूलाल मरांडी ने मांग की है कि जेल आईजी और जेल सुपरिंटेंडेंट को सरकार तत्काल सस्पेंड करें और उनके खिलाफ केस दर्ज करें। इनको गिरफ्तार किया जाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा है कि अगर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोनों अधिकारियों को पदमुक्त कर उन्हें गिरफ्तार नहीं कराते तो इससे साफ हो जाएगा कि इस पूरे मामले में सीएम और आपको शीर्ष अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है। बाबूलाल मरांडी ने इस मामले में कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट से भी संज्ञान लेने की अपील की है और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई है।

