
चाईबासा : लोकतंत्र को मजबूत बनाने और युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को टाटा कॉलेज, चाईबासा में ईएलसी 2.0 के तत्वावधान में निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदान के अधिकार एवं नागरिक दायित्वों की जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मौके पर टाटा कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रिंकी दोराई, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लांग, खूंटपानी प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक सहित अन्य पदाधिकारी एवं महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र ठाकुर ने किया। वहीं, कॉलेज के ईएलसी नोडल पदाधिकारी डॉ. हरीश कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए मतदाता साक्षरता और कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की भागीदारी जरूरी : उपायुक्त
अपने संबोधन में उपायुक्त मनीष कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण एवं संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं मतदाता जागरूकता के पहलुओं से अवगत कराया।
उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक की जागरूक एवं सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। मतदान हमारा महत्वपूर्ण अधिकार होने के साथ-साथ नागरिक जिम्मेदारी भी है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं निर्वाचन संबंधी सही जानकारी प्राप्त करें और अपने परिवार, पड़ोस एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा मतदान के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य होने के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण सहभागी भी हैं। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनना चाहिए।
इस दौरान उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की।
निबंध प्रतियोगिता में 48, प्रश्नोत्तरी में 23 प्रतिभागी शामिल
आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने काफी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में कुल 48 तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 23 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।
निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेता
निबंध लेखन प्रतियोगिता में भूगोल विषय के सेमेस्टर-8 की कैरा सवैयाँ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इतिहास विषय के सेमेस्टर-2 की भूमिका खलखो द्वितीय, अर्थशास्त्र विषय के सेमेस्टर-3 की लखी कुजूर तृतीय, हिंदी विषय के सेमेस्टर-8 की अर्पिता निवेदिता दंडपात चतुर्थ तथा इतिहास विषय के सेमेस्टर-3 की संजू हाईबुरू पंचम स्थान पर रहीं।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सेमेस्टर-1 की पार्वती टुडू ने प्रथम स्थान हासिल किया। सेमेस्टर-2 के विशाल हांसदा द्वितीय, सेमेस्टर-3 की लखी कुजूर तृतीय, सेमेस्टर-3 के अनमल बरबोजा चतुर्थ तथा सेमेस्टर-2 के सचिन तियू पंचम स्थान पर रहे।
मतदाता शपथ लेकर मतदान के प्रति दिखाई प्रतिबद्धता
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से मतदाता शपथ ली। सभी ने लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा अक्षुण्ण रखने तथा धर्म, वर्ग, जाति, भाषा या किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के अन्य नागरिकों को भी मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

