
कोडरमा : जिले में हाथियों के झुंड ने उत्पात मचा रखा है। दो वर्षों में 24 लोगों को कुचलकर मार डाला है। ताजा मामला डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र का है जहां बुधवार रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। दुरोडीह और तेतरियाडीह गांव में कई घरों की दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। झुंड ने गुरुवार तड़के तेतरियाडीह गांव में एक महिला को कुचलकर मार डाला। मृत महिला की पहचान तेतरियाडीह गांव निवासी 55 वर्षीया सुदामा देवी (पति केदार मेहता) के रूप में की गई है।
हाथियों के गांव में घुसने की सूचना पर लोग सतर्क हो गए। जानमाल की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों ने बम-पटाखे फोड़े ताकि आवाज से हाथी भाग जाएं। इधर से भगाने के बाद हाथियों का झुंड तेतरियाडीह की ओर बढ़ गया। भयवश ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर पहरा दिया।
इस बीच झुंड ने गुरुवार तड़के सुबह तेतरियाडीह गांव में एक महिला को कुचलकर मार दिया। मृत महिला की पहचान तेतरियाडीह गांव निवासी 55 वर्षीया सुदामा देवी, पति केदार मेहता के रूप में की गई है।
भागने के क्रम में महिला खेत में गिरी
सुदामा देवी गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे खेतों की ओर टहलने गई थी। इसी दौरान एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। सुदामा ने जान बचाकर भागने का पूरा प्रयास किया। लेकिन वह खेत में गिर गई। फिर पूछा कर रहा हाथी ने उसे कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर थाना प्रभारी अभिमन्यु पडिहारी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेजा। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने तथा प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
जिले में हाथियों के हमले में दो वर्षों में 24 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अतिरिक्त किसानों को लाखों का नुकसान पहुंचा है। वन विभाग की टीम हाथियों को बाहर खदेड़ने में विफल रही है।
गत दो दिन पहले हाथियों ने डोमचांच प्रखण्ड के गोलगो गांव में किसानों के घरों को ध्वस्त करते हुए उन्हें लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया था। हाथियों की आक्रामकता ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इससे ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।
Read Also: Gumla Snake Bite : गुमला में सांप के डंसने से युवक और महिला की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में गई जान

