
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद की बोर्ड बैठक बुधवार को परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुखराम उरांव और अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी शामिल हुए। उनके साथ उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा और सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी ने विधायक व एसडीओ को शॉल और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया।
सफाई और कचरा उठाव पर नाराज़गी
वार्ड पार्षदों ने बैठक में कहा कि शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाव नियमित नहीं हो रहा है। डंपिंग यार्ड का निर्माण अब तक शुरू नहीं होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे पर सफाई का काम कर रही एचिवर कंपनी के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया था। कंपनी ने बताया कि नगर परिषद की ओर से करीब 18 महीने का भुगतान बकाया है, जिस कारण काम में दिक्कत आ रही है। कंपनी ने एक महीने का समय मांगा और भरोसा दिलाया कि 1 अगस्त से 30 अगस्त तक कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था पूरी तरह सुचारु की जाएगी। इस पर विधायक और एसडीओ ने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया। हालांकि कंपनी के अनुरोध पर बोर्ड ने एक माह का अंतिम मौका देने का फैसला लिया। चेतावनी दी गई कि अगर एक महीने में सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई होगी।
अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे
बैठक में बताया गया कि बालू उपलब्ध न होने के कारण नगर परिषद की लगभग 110 विकास योजनाएं रुकी हुई हैं। डंपिंग यार्ड निर्माण के लिए यदि एक सप्ताह में बालू मिल जाए तो काम शुरू कर दिया जाएगा। शहर में लगे अधिकांश पुराने डस्टबीन खराब हो चुके हैं। विभाग को 40 नए डस्टबीन की मांग भेजी गई है। कचरा उठाने वाली मशीन खराब होने से भी सफाई प्रभावित हो रही है, जिसे जल्द ठीक कराया जाएगा। शहर में करीब 2000 स्ट्रीट लाइट की जरूरत है। अगले 15-20 दिनों में 800 से 1000 नई लाइटें मिल जाएंगी। इसके बाद सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से लाइटें लगाई जाएंगी।
1 अगस्त से शुरू होगा टोल फ्री नंबर
नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने बताया कि 1 अगस्त से नगर परिषद का टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर पर लोग सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और उनका त्वरित समाधान किया जाएगा।

