
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का पहला चरण यानी इन्यूमरेशन फेज बुधवार को संपन्न हो गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची के सभी पात्र मतदाताओं, बीएलओ, बीएलए, जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ/एईआरओ, स्वयंसेवकों और अन्य संबंधित पक्षों के सहयोग से यह कार्य समय पर पूरा किया गया।
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं। इनमें से 2,20,88,937 मतदाताओं के हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। इन मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल होंगे। वहीं 43,74,272 फॉर्म वापस नहीं मिले। इनमें 7,63,997 मृत, 14,60,169 अनुपस्थित, 15,93,516 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 4,38,560 अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत तथा 1,18,030 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिन्होंने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 5 अगस्त से दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी शुरू होगी। इसी दिन ड्राफ्ट मतदाता सूची और एएसडीडी सूची प्रकाशित कर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सॉफ्ट कॉपी तथा बीएलए-2 को हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दावा-आपत्ति अवधि में भी सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

