Home » Shravani Mela 2026: बाबा मंदिर में विशेष अरघा से आसान होगा जलार्पण, उपायुक्त ने किया निरीक्षण

Shravani Mela 2026: बाबा मंदिर में विशेष अरघा से आसान होगा जलार्पण, उपायुक्त ने किया निरीक्षण

राजकीय मेला के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 में बाबा वैद्यनाथ मंदिर में इस बार भी विशेष अरघा व्यवस्था लागू रहेगी। मेले से पहले बुधवार को उपायुक्त ने सुविधा एवं व्यवस्था का जायजा लिया। विशेष अरघा से श्रद्धालुओं को जलार्पण में सहुलियत होगी।

राजकीय मेला के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष भी विशेष अरघा व्यवस्था समय पर शुरू करने के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के सुचारु जलार्पण और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए बाबा मंदिर में विशेष अरघा की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर के मंझला खंड में मुख्य अरघा स्थापित किया जाएगा, जहां सामान्य कतार तथा कूपन के माध्यम से आने वाले श्रद्धालु आसानी से जलार्पण कर बाबा वैद्यनाथ के दर्शन कर सकेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि मंदिर के निकास द्वार के समीप नीर कुंड के पास बाह्य अरघा स्थापित किए जाएंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, असहाय श्रद्धालुओं तथा कम समय में जलार्पण करने के इच्छुक श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है। इससे ऐसे श्रद्धालुओं को लंबी कतार में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी।

मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन होगी प्रभावी

उन्होंने बताया कि बाह्य अरघा में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित गंगाजल अत्याधुनिक पाइपलाइन के माध्यम से नीर कुंड होते हुए सीधे गर्भगृह में स्थापित बाबा वैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर अर्पित होगा। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिलेगी, जलार्पण की प्रक्रिया सुगम होगी और मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान किसी भी व्यवस्था में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य देवघर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण में जलार्पण एवं बाबा वैद्यनाथ के दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Read Also: Jamshedpur News : ओम कांवरिया सेवा संघ का शिवभक्तो के लिए देवघर कांवरिया पथ में सेवा शिविर शुरू

 

Related Articles