Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के उड़न दस्ते ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मानव तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। सघन जांच के दौरान पकड़े गए दोनों तस्कर नाबालिग बच्चियों को काम दिलाने के नाम पर तमिलनाडु के सलेम ले जा रहे थे। इस दौरान एक बच्चे और 12 बच्चियों सहित कुल 13 नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया है। सभी की उम्र 13 से 16 वर्ष के बीच है और वे पश्चिमी सिंहभूम जिले के रहने वाले हैं।
पकड़े गए दोनों तस्कर सुनील और जमबीरा भी पश्चिमी सिंहभूम के ही हैं। टाटानगर आरपीएफ अफसर इंचार्ज राकेश मोहन ने बताया है कि जांच के दौरान एक स्थान पर कई नाबालिग एक साथ पाए गए, जबकि उनके साथ सिर्फ दो बड़े थे। इन लोगों ने पूछताछ में सही जवाब नहीं दिया। इसके बाद इन सभी को आरपीएफ थाना लाया गया। गहन जांच में खुलासा हुआ कि सभी नाबालिगों को सलेम ले जाकर काम कराया जाना था। दोनों मानव तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेस्क्यू किए गए सभी नाबालिगों को आवश्यक प्रक्रिया के बाद चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read also –

