
भ्रष्टाचार, भर्ती परीक्षाओं, घुसपैठ, एसआईआर, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदेश प्रभारी ने रखी बात
रांची : भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार झारखंड में सत्ता में है, लेकिन जनता को विकास के नाम पर निराशा मिली है। अपने दो दिवसीय झारखंड प्रवास के बाद मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पहली प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि जिलों में लोगों और कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान राज्य की स्थिति के बारे में कई बातें सामने आयीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के मामले में सरकार अपेक्षित काम नहीं कर सकी है।
सरकार की नीतियों से गरीब, आदिवासी, किसान और युवा परेशान
गजेंद्र पटेल ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासियों को बरगलाकर सरकार बनाई, लेकिन अब आदिवासी समाज काफी कुछ समझ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिला, किसान और युवा विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं।
खनिज संपदाओं के दोहन पर उठाये सवाल
उन्होंने कहा कि बालू, कोयला, पत्थर और अन्य खनिज संपदाओं के दोहन को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। डीएमएफटी फंड को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े संसाधनों का उपयोग जनहित में होना चाहिए। भाजपा इन मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रही है और आगे भी जनता के बीच जाएगी।
भर्ती परीक्षाओं की गड़बड़ियों से युवाओं के भविष्य पर असर
छात्रों के हालिया आंदोलन का जिक्र करते हुए प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की गड़बड़ियों से युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है। जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही और पीजीटी समेत कई परीक्षाएं विवादों में रही हैं। उन्होंने पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितता के आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों की समस्याओं को सरकार को गंभीरता से सुनना चाहिए।
घुसपैठ के मुद्दे पर सरकार से कार्रवाई की मांग
पटेल ने कहा कि झारखंड में घुसपैठ के मुद्दे को लेकर भाजपा लगातार सरकार को सचेत करती रही है। उनके अनुसार, इस विषय पर सरकारी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों और स्थानीय लोगों के अधिकारों से जुड़े इस विषय को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
एसआईआर से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी बनाने की बात
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर उन्होंने कहा कि वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और अवांछित नामों को हटाने की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में मदद करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एसआईआर के संबंध में भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है और आदिवासी समाज को गुमराह किया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर भी सवाल
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि राज्य में हत्या, लूट, अपहरण और गोलीबारी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता है। महिला सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
7 अक्टूबर को 750 जिलों में होंगे कार्यक्रम
गजेंद्र पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मोत्सव के तहत 7 अक्टूबर को देशभर के 750 जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करते हुए जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाएगी। सरकार की नीतियों और लोगों की समस्याओं को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक अपनी बात रखेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे।

