Garhwa : झारखंड के गढ़वा जिले में मेराल थाना क्षेत्र स्थित लातदाग के शिवनंदन फ्यूल पेट्रोल पंप को जिला प्रशासन ने सील कर दिया है। पेट्रोल पंप से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें पेट्रोल-डीजल देने के बदले ग्राहकों से तय राशि से अधिक पैसे वसूलने का आरोप लगाया गया था। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को एहतियातन बंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप कर्मियों द्वारा गैलन में पेट्रोल-डीजल देने के नाम पर करीब 200 रुपये अतिरिक्त मांगने की बात सामने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए।
उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। जांच टीम में मेराल अंचल अधिकारी, मेराल थाना प्रभारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की, जिसमें लगाए गए आरोप सही पाए गए।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं के हित को ध्यान में रखते हुए शिवनंदन फ्यूल पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि आगे भी जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

