घाटशिला : सोना देवी विश्वविद्यालय के विवेकानन्द ऑडिटोरियम में मंगलवार को ‘विकसित भारत में आंचलिक पत्रकारिता’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में वरिष्ठ पत्रकार यूएन पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तथ्यों के आधार पर ही समाचार लेखन करें, जो सत्य पर आधारित हो। पत्रकारिता का उद्देश्य जनहित में कार्य करना होता है। आपके लेखन से किसी की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए और न ही किसी की मानहानि होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उद्देश्यपूर्ण कार्य करें और जनता की आवाज बनें। अपनी कलम से बदलाव लाने की इच्छा रखने वाले ही पत्रकारिता में करियर बना रहे हैं। कवि कुमार और राजेश सिंह ने कहा कि संकल्प लेकर ही आप इस क्षेत्र में विश्वसनीय बने रह सकते हैं। समय के साथ तकनीक ने कार्य को सुविधाजनक बना दिया है। देवानन्द सिंह ने कहा कि आंचलिक पत्रकार होना सौभाग्य की बात है। लोग भाग्य से पत्रकार बन पाते हैं। इन्होंने विकास पत्रकारिता पर बल दिया और कहा कि पत्रकारों को समाज में उचित सम्मान देना चाहिए। जयप्रकाश राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आना है तो अखबार के माध्यम से करियर की शुरूआत करें। पत्रकारिता को रोजगार का साधन न मानें।
सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने सम्मानित पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड के पत्रकारों की गिनती भी आंचलिक पत्रकारों में ही की जाती है। पत्रकारों के सम्मान में कोई कमी न हो यह समाज को देखना चाहिए।
इस सेमिनार का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कुलपति डॉ ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने स्वागत भाषण दिया। स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के विभागाध्यक्ष डॉ नीलमणि कुमार ने विषय प्रवेश कराया तथा कुलसचिव डॉ नित नयना ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह तथा स्कूल ऑफ जर्नलिज्म् की सहायक प्राध्यापक कुमारी निकिता ने मंच संचालन किया।
Read Also: Ghatsila College : घाटशिला कॉलेज की महिला कर्मियों को प्राचार्य ने किया सम्मानित

