गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में धनवार खोरीमहुआ रोड पर मंगलवार को देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान समीर कुमार के रूप में हुई है। वह एचडीबी फाइनेंशियल सर्विस नामक कंपनी में काम करता था। जानकारी के अनुसार, समीर कुमार अपनी टीवीएस बाइक (JH 11 R 8834) से धनवार होते हुए खोरीमहुआ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही धनवार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवक के पास से मिले पहचान पत्र एवं अन्य कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। बताया जाता है कि दुर्घटना मंगलवार को रात करीब 11 बजे के आसपास हुई। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा कार की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

