Home » JHARKHAND CM NEWS: मुख्यमंत्री से मिली अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का, रुक्का में बनेगा खेल का मैदान

JHARKHAND CM NEWS: मुख्यमंत्री से मिली अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का, रुक्का में बनेगा खेल का मैदान

by Vivek Sharma
CM WITH ANUSHKA
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: झारखंड की उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए हौसला अफजाई की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया वर्ष आपके लिए उपलब्धियों से भरा हो और आप अपने खेल से देश-दुनिया में झारखंड की अलग पहचान बनाएं। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की। अनुष्का ने खेल अनुभव और संघर्ष की कहानी मुख्यमंत्री के साथ साझा की।

झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर मंच, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठा रही है। जिससे कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए।
मुख्यमंत्री ने रांची जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि अनुष्का कुमारी के गांव रुक्का में एक खेल मैदान विकसित किया जाए। साथ ही उनके परिजनों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

फुटबॉल की दुनिया में बनाई पहचान

गौरतलब है कि अनुष्का कुमारी ने गरीबी और कठिन परिस्थितियों के बीच संघर्ष करते हुए फुटबॉल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके पिता दिलेश मुंडा दिव्यांग हैं, जबकि माता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। दो भाइयों में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है और दूसरा पढ़ाई कर रहा है। आज वह “द गोल मशीन” के नाम से जानी जाती हैं।

राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

अनुष्का को 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें फुटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। सितंबर 2024 में भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में उन्होंने सर्वाधिक सात गोल कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता था। इसके अलावा वह नेपाल में हुई अंडर-16 सैफ चैंपियनशिप की उपविजेता भारतीय टीम की भी सदस्य रह चुकी हैं। आगामी मार्च में वह चीन में होने वाली एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वर्तमान में अनुष्का हजारीबाग स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं। साथ ही इस वर्ष दसवीं की परीक्षा में शामिल होंगी।

READ ALSO: RANCHI PAHARI NEWS: अब पहाड़ी मंदिर के पास से हटेगा अतिक्रमण, कराई जाएगी मापी

Related Articles