Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में इस बार जिलों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तीनों संकाय साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स में अलग-अलग जिलों ने शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का प्रदर्शन किया है।
साइंस संकाय में लातेहार जिला 93.25 प्रतिशत परिणाम के साथ राज्य में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद गुमला ने 91.06 प्रतिशत के साथ दूसरा और कोडरमा ने 90.83 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कॉमर्स संकाय में सिमडेगा जिला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.57 प्रतिशत परिणाम के साथ पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर दुमका (98.63 प्रतिशत) और तीसरे स्थान पर गुमला (98.43 प्रतिशत) रहा।वहीं आर्ट्स संकाय में गुमला जिला ने 99.52 प्रतिशत के साथ पूरे राज्य में टॉप किया। इसके बाद खूंटी 99.46 प्रतिशत के साथ दूसरे और सिमडेगा 99.36 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
जैक के अनुसार, इस वर्ष कुल पास प्रतिशत भी बेहतर रहा है। साइंस में 82.92 प्रतिशत, कॉमर्स में 93.37 प्रतिशत और आर्ट्स में सबसे अधिक 96.14 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं।
इस परिणाम से स्पष्ट है कि झारखंड के जिलों में शिक्षा को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। खासकर कॉमर्स और आर्ट्स संकाय में कई जिलों ने लगभग शत-प्रतिशत परिणाम देकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
पूर्वी सिंहभूम का प्रदर्शन बेहतर, कॉमर्स व आर्ट्स में उछाल
जैक की ओर से बुधवार को इंटरमीडिएट साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों संकायों का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया। मैट्रिक के बाद इंटर में भी इस बार पूर्वी सिंहभूम जिले का प्रदर्शन बेहतर रहा है।कॉमर्स संकाय में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। इस वर्ष 91.32 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए, जो पिछले वर्ष के 87.91 प्रतिशत की तुलना में 3.41 प्रतिशत अधिक है।
इस उपलब्धि के साथ जिला राज्य में 17वें स्थान पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 20वें स्थान पर था।साइंस संकाय में हल्की गिरावट देखी गई है। इस बार 69.58 प्रतिशत छात्र सफल हुए, जो पिछले वर्ष के 70.91 प्रतिशत से 1.33 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद जिले की रैंकिंग में सुधार हुआ है और यह 24 जिलों में 21वें स्थान पर रहा।आर्ट्स संकाय में भी वृद्धि दर्ज की गई है। इस वर्ष 97.28 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 95.61 प्रतिशत था। जिले की रैंकिंग भी सुधरकर 12वें स्थान पर पहुंच गई।

