जमशेदपुर : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के अंतर्गत इंटर प्रशिक्षित (कक्षा 1 से 5) श्रेणी के सफल अभ्यर्थियों को बहुप्रतीक्षित नियुक्ति मिलनी शुरू हो गई है। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की नियमावली-2022 तथा इसके दोनों संशोधनों (2023) के प्रावधानों के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में एक हजार से अधिक नवचयनित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं।
इन शिक्षकों ने 29 नवंबर, 1 दिसंबर एवं 2 दिसंबर 2025 को जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में विधिवत योगदान दिया। योगदान के बाद उन्हें तत्काल स्थायी मूल विद्यालय में पदस्थापित करने के बजाय व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जिले के विभिन्न प्राथमिक एवं उन्नत प्राथमिक विद्यालयों में अस्थायी रूप से प्रतिनियोजित किया गया है।
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, यह प्रशिक्षण अवधि अनिवार्य है। इसमें नव नियुक्त शिक्षक वास्तविक कक्षा-कक्ष में पठन-पाठन, विद्यालय प्रबंधन, मिड-डे मील वितरण, उपस्थिति पंजी संधारण, मूल्यांकन प्रक्रिया आदि का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद इन्हें स्थायी रूप से मूल विद्यालय में पदस्थापित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था से नई पीढ़ी के शिक्षक पहले दिन से ही बेहतर शिक्षण गुणवत्ता प्रदान कर सकेंगे। प्रतिनियोजन सूची जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करा दी गई है। नव नियुक्त शिक्षकों में उत्साह का माहौल है तथा वे बच्चों को पढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
प्रतिनियुक्ति को लेकर यह निर्देश भी किया गया जारी
- यह प्रतिनियुक्ति पूर्णतः अस्थायी है, मूल स्थायी पदस्थापन के साथ ही संबंधित नव नियुक्त सहायक आचार्य की प्रतिनियुक्ति स्वतः रद्द हो जायेगी एवं स्वतः विरमित समझे जाएंगे।
- प्रतिनियुक्ति के दौरान शिक्षकों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
- प्रतिनियुक्त विद्यालय में समय सारिणी के अनुसार अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।
- संबंधित विद्यालय से प्राप्त अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर ही मूल स्थायी पदस्थापन विद्यालय से ही वेतन भुगतान संबंधी अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
- विद्यालय के सभी नियमों का पालन दृढ़तापूर्वक करेंगे।
- उपरोक्त इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य को निदेश दिया जाता है कि वे 03 दिसंबर से प्रतिनियोजित विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य करेंगे।
- प्रतिनियोजित विद्यालय से प्राप्त अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर ही उनके वेतन आदि का दावा मान्य होगा।
21 प्रतिशत शिक्षक शहरी क्षेत्र के स्कूलों में भेजे गए
यह प्रतिनियुक्ति भले ही कुछ दिनों के लिए हुई है, लेकिन इसमें शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में अधिक शिक्षकों को प्रतिनियुक्त किया गया। इस प्रक्रिया के तहत कुल 234 शिक्षक प्रतिनियुक्त हुए हैं, जिसमें 51 जमशेदपुर व उसके आसपास के स्कूलों में यह कुल शिक्षकों का करीब 21 प्रतिशत से अधिक है। जबकि, पहले से ही इन स्कूलों में शिक्षकों की संख्या अधिक है। हालांकि शिक्षा विभाग का कहना है कि यह यह प्रतिनियुक्ति कुछ दिनों के लिए ही है। जब इन शिक्षकों का पदस्थापन होगा तो उसमें एकल विद्यालयों में सबसे पहले शिक्षकों को भेजा जाएगा। इसके बाद छात्र-शिक्षक अनुपात के आधार पर पदस्थापन होगा।
Read Also: Kolhan University : डॉ. रंजीत कर्ण बने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव

