Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए खुलासा कर लिया है। दोनों मामलों में विशेष अनुसंधान टीम ने पेशेवर तरीके से काम करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई टाटा सुमो समेत लाखों का सामान बरामद किए हैं।
पहली घटना 11 नवंबर की है, जब धतकीडीह सेंटर मैदान के पास खड़ी टाटा सुमो (JH-05AD-6051) को अज्ञात अपराधियों ने चोरी कर लिया था। वादी शौकत हुसैन के आवेदन पर मामला दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIT गठित की गई। टीम ने शहर भर के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की और मानवीय व तकनीकी जानकारी के आधार पर चोरी हुई वाहन को कपाली–कांदरबेडा क्षेत्र से बरामद कर लिया। इस मामले में दो आरोपी फैजल अख्तर और फरहान अंसारी उर्फ इमरान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

दूसरी वारदात 6 नवंबर की रात सीएच एरिया रोड नंबर-03 स्थित एक फ्लैट में घटी। अज्ञात चोर ने फ्लैट में घुसकर दो लैपटॉप, मोबाइल, हेडफोन, पर्स, स्मार्ट वॉच और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुनील पूर्ति उर्फ ‘मुर्गी’ की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर सभी चोरी का सामान बरामद कर लिया। आरोपी का पूर्व में भी एक आपराधिक इतिहास सामने आया है।
दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी खोजबीन और छापेमारी दल की सक्रियता से बिष्टुपुर क्षेत्र में बढ़ते चोरी के मामलों पर अंकुश लगा है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

